Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
अलवर। उद्योग नगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात बहाला टोल टैक्स के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने लापरवाहीपूर्वक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक की जेब से मोबाइल निकालकर परिजनों को घटना की सूचना दी। साथ ही एंबुलेंस बुलाकर युवक को तत्काल अलवर जिला अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 40 वर्षीय महेंद्रपाल मीणा पुत्र मंगलराम मीणा निवासी बूटियाना गांव, बडौदामेव के रूप में हुई है। वह पिछले करीब तीन वर्षों से अलवर स्थित सीबा मसाला कंपनी में कार्यरत था। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान बहाला टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि महेंद्रपाल परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक के दो बेटे हैं, जो आईटीआई की पढ़ाई कर रहे हैं। परिजनों ने बताया कि अभी दोनों बेटों की शादी भी नहीं हुई थी और सिर से पिता का साया उठ गया।
घटना की सूचना पर उद्योग नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। रविवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार बहाला टोल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके ड्राइवर की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।