Accident: डंपर हादसे में दो सगे भाइयों की मौत, एक साथ उठेंगी अर्थी, जवान बेटों का शव देखकर फूट-फूटकर रोए परिजन

post 21

Accident: डंपर हादसे में दो सगे भाइयों की मौत, एक साथ उठेंगी अर्थी, जवान बेटों का शव देखकर फूट-फूटकर रोए परिजन

Accident: राजस्थान के अजमेर जिले के पीसांगन थाना क्षेत्र के लेसवा गांव में गुरुवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों भाई बाइक से अपनी पगार लेने जा रहे थे, तभी बजरी से भरा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और उनकी बाइक उसकी चपेट में आ गई।

हादसे में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल अवस्था में उसे अजमेर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

एक साथ उठेगी दो सगे भाइयों की अर्थी:-

गोविंदगढ़ निवासी अभिषेक सेन (21) की मौके पर ही मौत हो गई थी, क्योंकि वह डंपर के नीचे दब गया था। वहीं उसके बड़े भाई आशीष सेन (24) को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी भी मौत हो गई। दोनों भाइयों की मौत के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है और अब दोनों की अर्थी एक साथ उठेगी।

पगार लेने निकले थे, लौटे नहीं:-

अभिषेक और आशीष सेन पत्थर की चौखट कटाई का काम करते थे। गुरुवार को दोनों अपनी मजदूरी लेने घर से निकले थे, लेकिन परिवार को क्या पता था कि यह सफर कभी खत्म न होने वाला दर्द दे जाएगा। दो जवान बेटों के शव देखकर परिजन बदहवास हो गए और पूरे गांव में मातम छा गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते डंपर पलट गया और दोनों बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।