राजस्थान के वॉलीबॉल प्लेयर की हरियाणा में पीट-पीटकर हत्या, किडनैप कर 3 दिन तक टॉर्चर किया

राजस्थान के वॉलीबॉल प्लेयर की हरियाणा में पीट-पीटकर हत्या, किडनैप कर 3 दिन तक टॉर्चर किया
राजस्थान के वॉलीबॉल प्लेयर की हरियाणा के तिगांव थाना क्षेत्र में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक को 17 मई को किडनैप कर 3 दिन तक बेरहमी से मारपीट की गई। 20 मई को आरोपी ने उसे घर के बाहर फेंक दिया। वॉलीबॉल प्लेयर को अधमरी हालत में फरीदाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 22 मई को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक युवक की पहचान मोनू (21) निवासी सैदपुर, भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा) के रूप में हुई है। मृतक मोनू के चाचा नरेंद्र ने आरोप लगाया कि मोनू पर फरीदाबाद के तिगांव थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की भगाकर ले जाने का झूठा मामला दर्ज था। 17 मई को मोनू घर पर कहकर गया था कि तिगांव थाने जा रहा हूं। पुलिस को कुछ पूछताछ करनी है। सुबह 11 बजे लड़की के घरवालों ने मोनू को रास्ते से ही किडनैप कर लिया। 17 मई से 20 मई तक उसे बेरहमी से पीटा और टॉर्चर किया गया। इसके बाद 20 मई को आरोपियों ने उसे घर के बाहर फेंक दिया। 20 मई को पुलिस ने फोन पर सूचना दी कि मोनू घायल है और उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे हैं। फरीदाबाद के अस्पताल में 2 दिन के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।