SBI Bank Holiday: कल से लगातार 6 दिन बंद रह सकती हैं SBI की शाखाएं; आज ही निपटा लें अपने जरुरी काम

SBI Bank Holiday: अगर आपका कोई जरूरी काम ऐसा है, जो सिर्फ SBI शाखा जाकर ही पूरा हो सकता है, तो उसे टालना भारी पड़ सकता है। ग्राहकों को बैंक ब्रांच खुलने का लंबा इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि 23 मई से 28 मई 2026 के बीच SBI की शाखाएं कई दिनों तक बंद रह सकती हैं। छुट्टियां, कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद की वजह से बैंकिंग कामकाज प्रभावित होने के आसार हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि SBI की ऑनलाइन बैंकिंग, UPI और ATM सेवाएं चालू रहेंगी। यानी पैसे ट्रांसफर करना, ऑनलाइन भुगतान करना या ATM से कैश निकालना जारी रहेगा। लेकिन शाखा में जाकर होने वाले काम अटक सकते हैं।
मामला केवल सामान्य छुट्टियों तक सीमित नहीं है। 23 मई से 28 मई के बीच कई कारण एक साथ सामने आ रहे हैं। 23 मई को महीने का चौथा शनिवार पड़ रहा है, जबकि 24 मई को रविवार है। RBI के नियमों के अनुसार दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं। ऐसे में लगातार दो दिनों तक बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।
इसके बाद 25 और 26 मई को SBI कर्मचारियों की दो दिन की प्रस्तावित हड़ताल है। ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने यह हड़ताल कई मांगों को लेकर घोषित की है। अगर हड़ताल होती है, तो शाखा स्तर के कामकाज पर असर दिख सकता है।
फिर 27 और 28 मई को बकरीद की छुट्टियां पड़ रही हैं। देश के अलग-अलग राज्यों में बकरीद अलग-अलग तारीखों पर मनाई जाएगी। RBI के छुट्टियों के कैलेंडर के अनुसार ज्यादातर राज्यों में 27 मई को बैंक बंद रहेंगे, जबकि कुछ स्थानों पर 28 मई को भी छुट्टी रहेगी।
SBI कर्मचारी क्यों कर रहे हड़ताल?
SBI कर्मचारियों के संगठन का कहना है कि बैंक में आउटसोर्सिंग तेजी से बढ़ रही है। उनका आरोप है कि इससे गांवों के युवाओं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए नौकरी के मौके कम हो रहे हैं। संगठन का कहना है कि भर्तियां इतनी कम हो रही हैं कि यह “ऊंट के मुंह में जीरा” के समान है। फेडरेशन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है। इसके अनुसार, बैंक में सशस्त्र गार्डों की संख्या लगातार घट रही है। रिटायरमेंट और प्रमोशन के बाद नई भर्ती नहीं होने से शाखाओं की सुरक्षा पर खतरा बढ़ रहा है। उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों, ग्राहकों और बैंक की संपत्तियों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।
इसके अलावा NPS यानी नेशनल पेंशन सिस्टम को लेकर भी नाराजगी है। कर्मचारी संगठन का आरोप है कि दूसरे सरकारी बैंकों के कर्मचारियों की तरह SBI स्टाफ को अब तक पेंशन फंड मैनेजर बदलने की सुविधा नहीं मिली है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्राहकों को क्या करना चाहिए?
अगर आपको चेक क्लियरेंस, डिमांड ड्राफ्ट, लॉकर, KYC अपडेट, कैश जमा या किसी दस्तावेज से जुड़ा काम करना है, तो उसे पहले ही निपटा लेना बेहतर होगा। वरना कई दिनों तक चक्कर काटने पड़ सकते हैं।