बीकानेर: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, NDPS और आर्म्स एक्ट मामलों में फरार चार आरोपी गिरफ्तार

post 346 (1)

बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत बीकानेर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीएसटी टीम और मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ तस्करी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान की मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और नगर वृत्ताधिकारी अनुज डाल के सुपरविजन में की गई।

थानाधिकारी विजेंद्र कुमार सीला और डीएसटी प्रभारी विश्वजीत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुनिल विश्नोई वर्ष 2024 से आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में फरार चल रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों में सर्वोदय बस्ती निवासी श्यामलाल कस्यां, राजीव नगर निवासी सुनिल विश्नोई, सौफिन पुत्र कुदरत अली तथा मोहम्मद नवाज पुत्र मतलूब हुसैन निवासी सर्वोदय बस्ती शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न मामले दर्ज हैं।

पुलिस फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य अहम खुलासे हो सकते हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम:-

इस कार्रवाई में थानाधिकारी विजेंद्र कुमार सीला, डीएसटी प्रभारी विश्वजीत सिंह, सुरेश कुमार भादू, महावीर सिंह सउनि डीएसटी टीम, एएसआई दीपक यादव, हेड कांस्टेबल वासूदेव, लाखाराम, बलबीर सिंह, सतीश कुमार, कांस्टेबल पंकज, छगनलाल, देवेंद्र, सूर्यप्रकाश, श्रीराम और राजेंद्र सहित डीएसटी एवं मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस के जवान शामिल रहे।