बस में लगी भीषण आग, लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई

बस में लगी भीषण आग, लपटें उठती देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई
जोधपुर से बैंगलुरू के लिए रवाना हुई निजी ट्रेवल्स एजेंसी की एक बस में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि इंजन से उठी लपटों को देखकर ड्राइवर ने तत्काल बस रोक दी और सभी 16 यात्रियों को मेन गेट से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग से बस का ज्यादातर हिस्सा जलकर राख हो गया, वहीं कुछ यात्रियों का सामान भी जलकर खाक हो गया। घटना पाली रोड पर डी-मार्ट के पास की है।
विवेक विहार थानाधिकारी खदाव ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10:15 बजे एमआर ट्रेवल्स की एक बस जोधपुर से बैंगलुरू जा रही थी। यह बस जैसे ही शहर से बाहर निकलकर झालामंड होते हुए पाली रोड स्थित डी-मार्ट के पास पहुंची। अचानक बस के इंजन में चिंगारी निकलने लगी। आग की चिंगारियां देखते ही बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई और चीख-पुकार मचने लगी। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और बिना देरी किए सभी 16 यात्रियों को बस के मेन गेट से सुरक्षित नीचे उतारा। जब तक यात्री संभलते और आगे का हिस्सा पूरी तरह लपटों में घिरता, तब तक सभी बाहर आ चुके थे। यात्रियों ने अपना सामान निकाल लिया था, लेकिन कुछ यात्रियों का सामान आग में जल गया।