Crime News: विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी, आरोपी ने थमाई फर्जी टिकट और खुद निकल गया घूमने

Crime News: सादुलशहर, विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने और पीड़ित को फर्जी हवाई टिकट थमाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्रीगंगानगर जिले की सादुलशहर थाना पुलिस ने पीड़ित की ओर से अदालत में दायर इस्तगासे के आधार पर एक आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सादुलशहर के वार्ड नंबर 17 निवासी अमनदीप सिंह पुत्र हरबंसलाल राजपूत ओड विदेश जाकर नौकरी करने की इच्छा रखता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सादुलशहर तहसील के सामने ऑफिस संचालित करने वाले गांव गदरखेड़ा निवासी जगदीप बराड़ पुत्र नरेन्द्रपाल सिंह जटसिख से हुई। आरोपी ने खुद को विदेश भेजने की प्रक्रिया में सक्षम बताते हुए अमनदीप को भरोसा दिलाया कि वह उसका वीजा लगवाकर विदेश भिजवा देगा।
आरोप है कि जगदीप ने इस बहाने अलग-अलग समय पर अमनदीप से कुल 4 लाख 45 हजार रुपये ले लिए। जनवरी 2026 में वीजा उपलब्ध कराने का भरोसा देने के बाद आरोपी ने फरवरी माह में अमनदीप को एक कथित हवाई टिकट भेजा और दिल्ली पहुंचकर फ्लाइट पकड़ने के लिए कहा।
पीड़ित जब दिल्ली पहुंचा तो उसे जानकारी मिली कि उसके नाम से न तो कोई वैध वीजा जारी हुआ है और न ही कोई टिकट बुक है। इसके बाद उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। अमनदीप ने आरोपी से संपर्क कर अपनी रकम वापस मांगनी चाही, लेकिन आरोपी लगातार उसे टालता रहा।
बताया जा रहा है कि बाद में जब पीड़ित आरोपी के घर पहुंचा तो जानकारी मिली कि वह रुपये लेकर बाहर चला गया है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। फिलहाल पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल सूरजभान को सौंप दी है।