Rajasthan: हेलमेट बॉक्स की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, 35 लाख की खेप जब्त

Rajasthan: डूंगरपुर, जिले की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत की शराब से भरा एक कंटेनर जब्त किया है। पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक को भी गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्कर हेलमेट के खाली बॉक्स की आड़ में शराब छिपाकर गुजरात ले जाने की फिराक में थे।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र से एक कंटेनर के जरिए बड़ी मात्रा में शराब गुजरात की ओर भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए राजस्थान-गुजरात सीमा स्थित रतनपुर बॉर्डर पर सघन नाकाबंदी शुरू कर दी।
हेलमेट के कार्टनों के नीचे छिपाई गई थी शराब:-
नाकाबंदी के दौरान पुलिस सभी वाहनों की गहन जांच कर रही थी। इसी बीच एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में कंटेनर में हेलमेट के बड़े-बड़े बॉक्स रखे दिखाई दिए, जिससे वाहन सामान्य मालवाहक प्रतीत हुआ, लेकिन संदेह होने पर पुलिस ने विस्तृत जांच की। ऊपरी हिस्से में रखे हेलमेट बॉक्स हटाने पर नीचे बड़ी मात्रा में अवैध शराब के कार्टन छिपाकर रखे मिले।
करीब 35 लाख रुपये की शराब जब्त, चालक गिरफ्तार:-
पुलिस ने कंटेनर समेत शराब की खेप को जब्त कर लिया। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है। मौके पर मौजूद कंटेनर चालक भंवराराम जाट निवासी बाड़मेर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और गुजरात में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।