बीकानेर में यहां पानी को लेकर हंगामा, चार लाइनें एक साथ खोलने पर भड़के लोग

बीकानेर में यहां पानी को लेकर हंगामा, चार लाइनें एक साथ खोलने पर भड़के लोग
बीकानेर। नत्थूसर गेट के पास ओझा सत्संग गली क्षेत्र में पानी के वितरण को लेकर रविवार रात जमकर हंगामा हुआ। जलदाय विभाग के कर्मचारियों द्वारा एक साथ चार लाइनें खोल देने से जलापूर्ति का संतुलन बिगड़ गया। इसके चलते आधे घरों में तो पानी पहुंच गया, लेकिन आधे घर पूरी तरह सूखे रह गए। इससे नाराज होकर जिन घरों में पानी नहीं आया था, वहां के करीब 300 लोग लामबंद होकर नत्थूसर गेट स्थित पानी की टंकी पर जा पहुंचे और वहां हंगामा करते हुए पूरी सप्लाई ही बंद करवा दी। आक्रोशित लोगों का साफ कहना था कि अगर उनके घरों तक पानी नहीं पहुंचेगा, तो वे किसी भी अन्य इलाके में पानी नहीं जाने देंगे।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि उनके घरों में पिछले कई दिनों से पीने के पानी की किल्लत बनी हुई है। टंकी पर मौजूद लेबर और कर्मचारियों से जब बात की गई, तो उन्होंने लाचारी जताते हुए कहा कि उन्हें ऊपर से जो आदेश मिलेगा, वे वही करेंगे। इस बीच, हंगामे की स्थिति को देखते हुए वहां तैनात कर्मचारी विभाग के एईएन आलोक गुप्ता को मौके पर बुलाने के लिए लगातार फोन मिलाते रहे, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। अधिकारी के इस रवैये से लोगों में आक्रोश और बढ़ गया।