Accident News: तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो बाइकों को मारी टक्कर, तीन युवकों की दर्दनाक मौत

राजस्थान: प्रतापगढ़ जिले के धमोतर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर शनिवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा सेवरा गांव के पास उस समय हुआ, जब ओवरटेकिंग के दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक बाइक को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रेलर ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क से करीब 30 फीट दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर धमोतर थाना पुलिस रात करीब 8:40 बजे मौके पर पहुंची। थानाधिकारी घीसूलाल ने बताया कि घटनास्थल पर दो क्षतिग्रस्त बाइक और तीन युवक मृत अवस्था में पड़े मिले। शुरुआती दौर में गंभीर चोटों के कारण मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। बाद में मोबाइल फोन और दस्तावेजों के आधार पर परिजनों से संपर्क कर पहचान की पुष्टि की गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अब्बास (25) निवासी मेवातियों का खेड़ा, जिला राजसमंद, हिकलाल (35) निवासी मेवातियों का खेड़ा, जिला राजसमंद और राजेश (35) निवासी पिपलीखेड़ा, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अब्बास और हिकलाल रोजगार की तलाश में प्रतापगढ़ आ रहे थे, जबकि राजेश अपने ससुराल से घर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार राजेश शनिवार को एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ससुराल गया था और देर रात लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। उसके परिवार में पत्नी के अलावा पांच बेटियां और एक बेटा है। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य बताया जा रहा है। घटना की खबर के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।