Rajasthan: शर्ट पर लिखा ‘सॉरी मम्मी-पापा’, रेलवे पटरी पर मिला युवक का शव, सिर धड़ से कटकर अलग

post 275 (1)

सिरोही। जिले के आबूरोड रेलवे स्टेशन यार्ड में शनिवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की स्थिति बेहद भयावह थी। युवक की गर्दन धड़ से अलग मिली, जबकि शरीर के अन्य हिस्से भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त थे। घटनास्थल से मिले कुछ सामान और संदेशों ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8 बजे आबूरोड रेलवे स्टेशन के ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर ने रेलवे यार्ड में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी और आबूरोड शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को रेलवे की अप लाइन के पास युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला।

शव की हालत देख दहल उठे लोग:-

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक का बायां हाथ गर्दन के पास पड़ा था, जबकि गर्दन धड़ से अलग होकर पटरी के अंदर की ओर मिली। शरीर का बाकी हिस्सा पटरी के बाहर पड़ा हुआ था। शव के पास कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिले, जिससे मृतक की शिनाख्त करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।

घटनास्थल से मिले चौंकाने वाले सुराग:-

पुलिस को मौके से एक पॉलिथीन मिली, जिसमें नया बिना सिला पेंट-शर्ट का कपड़ा, करीब 8,500 रुपए नकद और ‘राम’ नाम का लॉकेट लगी पीले रंग की आर्टिफिशियल चेन बरामद हुई। इसके अलावा एक कपड़े के टुकड़े पर हिंदी में ‘सॉरी मम्मी पापा’ लिखा मिला। वहीं बरामद 500 रुपए के एक नोट पर भी अंग्रेजी में ‘Sorry Mummy Papa’ लिखा हुआ पाया गया।

आत्महत्या की आशंका, जांच जारी:-

मौके से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। युवक ने काले रंग की फुल आस्तीन शर्ट, ग्रे जींस और ग्रे-सफेद रंग के क्रॉक्स पहन रखे थे।

पहचान के प्रयास तेज:-

पुलिस ने शव को आबूरोड उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

You may have missed