Crime News: नहर में मिली 10वीं की छात्रा की लाश, इलाके में मचा हड़कंप, दुपट्टे से बंधे थे दोनों हाथ

श्रीगंगानगर। घमूड़वाली थाना क्षेत्र के पास गंग कैनाल की बारहमासी नहर में मिले किशोरी के शव की शिनाख्त हो गई है। मृतका की पहचान 17 वर्षीय आयुषी अरोड़ा के रूप में हुई है, जो हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र के वार्ड 48 स्थित सब्जी मंडी मुख्य बाजार की रहने वाली थी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
घमूड़वाली थाना प्रभारी प्रशिक्षु आरपीएस प्रियंका ने बताया कि किशोरी 13 मई को अपने घर से लापता हो गई थी। इस संबंध में उसके पिता ने हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
शव स्कूल यूनिफॉर्म में मिला और दोनों हाथ दुपट्टे से आगे की ओर बंधे होने की बात सामने आई है, जिससे मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों द्वारा नहर में शव देखे जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद शव की पहचान के प्रयास शुरू किए गए। पुलिस ने हुलिए और फोटो के आधार पर पंजाब और हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया था।
जांच में सामने आया है कि किशोरी 13 मई को हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी एक युवक के साथ घर से गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने श्रीगंगानगर के जवाहरनगर क्षेत्र में दबिश दी, हालांकि युवक वहां नहीं मिला। पुलिस ने उसके परिजनों से पूछताछ की है और उसकी तलाश जारी है।
सूत्रों के अनुसार युवक भी पिछले दो दिनों से लापता बताया जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।