Crime News: प्रॉपर्टी डील के बहाने बुजुर्ग दंपती का अपहरण, 5 दिन बंधक बनाकर वसूले 48 लाख रुपये

जयपुर। राजधानी जयपुर से अपहरण और जबरन वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपती को प्रॉपर्टी सौदे के बहाने बुलाकर अगवा कर लिया और पांच दिनों तक बंधक बनाकर करीब 48 लाख रुपये वसूल लिए। आरोपियों ने दंपती को धमकी दी कि यदि उन्होंने पुलिस से संपर्क किया तो उन्हें बम से उड़ाकर खत्म कर दिया जाएगा।
मामले का खुलासा तब हुआ जब दंपती घटना के करीब सात दिन बाद एक परिचित की मदद से सुरक्षित वापस लौटे और भांकरोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरन ने बताया कि पीड़ित दंपती को कुछ लोगों ने प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री के नाम पर मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचते ही बदमाशों ने उन्हें हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और अज्ञात स्थान पर ले जाकर पांच दिनों तक कैद करके रखा।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दंपती को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। इस दौरान उनसे करीब 47 से 48 लाख रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए गए। रकम वसूलने के बाद भी बदमाशों ने दंपती को पुलिस में शिकायत नहीं करने की धमकी दी। आरोपियों ने कहा कि यदि मामला पुलिस तक पहुंचा तो उनका नामोनिशान मिटा दिया जाएगा।
करीब पांच दिन तक बंधक रहने के बाद दंपती किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकले और बाद में एक परिचित की सहायता से जयपुर लौट सके। सुरक्षित घर पहुंचने के बाद उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर पुलिस ने विशेष जांच टीमें गठित की हैं। पुलिस की 6 से 7 टीमें राजस्थान के अलावा बिहार और अन्य राज्यों में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
डीसीपी प्रशांत किरन ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही लूटी गई रकम बरामद करने के प्रयास भी जारी हैं।