राजस्थान में खौफनाक वारदात, शादी नहीं होने पर युवक ने 11 साल के मासूम की चढ़ा दी बलि

post 170 (1)

पाली/सोजत। पाली जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामासनी सांदवान गांव में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर एक मासूम की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी नहीं होने से परेशान एक युवक ने कथित तांत्रिक के बहकावे में आकर 11 वर्षीय बालक की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी शेरू खां (25) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कथित तांत्रिक की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतक आरिफ पुत्र फिरोज गुरुवार दोपहर मदरसे से घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपी उसे बहला-फुसलाकर बाइक पर अपने साथ ले गया। आरोपी बालक को गांव से बाहर तालाब की पाल के पास सुनसान क्षेत्र में ले गया, जहां उसके हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।

जांच में सामने आया है कि आरोपी की शादी नहीं हो रही थी। पूछताछ में उसने बताया कि एक कथित तांत्रिक ने उसे नरबलि देने पर शादी होने का झांसा दिया था। इसके बाद आरोपी ने वारदात की योजना बनाई और कई दिनों तक मासूम की गतिविधियों पर नजर रखी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सामान्य व्यवहार करता रहा। पुलिस के मुताबिक उसने खुद ही परिजनों को बच्चे के गायब होने की सूचना दी, ताकि किसी को उस पर शक न हो। बाद में ग्रामीणों और परिजनों ने तलाश के दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर तालाब की पाल के पास बालक का शव बरामद किया। घटनास्थल से तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाला सामान और टूटी मटकी भी मिली है।

शिवपुरा थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने खून से सने कपड़े बदलकर सबूत मिटाने की भी कोशिश की थी।

घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। शुक्रवार सुबह स्कूल परिसर के बाहर सर्व समाज की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठाई गई।

पुलिस उपाधीक्षक रतनाराम देवासी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा उस कथित तांत्रिक की तलाश भी की जा रही है, जिसने आरोपी को कथित रूप से उकसाया था। पुलिस अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।