Road Accident: कैंपर और सवारी गाडी की भीषण भिडंत, 23 लोग घायल, 7 की हालत नाजुक

खाटूश्यामजी (सीकर): खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं का सफर शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गया। रींगस-खाटू मार्ग पर गोल्डन वाटर पार्क के पास एक कैंपर और सवारी गाड़ी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 23 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी सवारी गाड़ी रींगस से खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही कैंपर गाड़ी ने वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकालकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस प्रशासन और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
सभी घायलों को उप जिला अस्पताल खाटूश्यामजी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। अस्पताल के पीएमओ डॉ. गोगराज सिंह के अनुसार, 23 घायलों में से 7 श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सीकर और जयपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए श्रद्धालु राजस्थान सहित अन्य राज्यों से बाबा श्याम के दर्शन के लिए आए थे। रींगस-खाटू मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी रहती है, लेकिन शुक्रवार की सुबह रफ्तार के कहर ने इन भक्तों के सफर को अस्पताल तक पहुंचा दिया।।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या हादसा ओवरटेकिंग या तेज गति के कारण हुआ।