बीकानेर के बज्जू में डिग्गी में डूबी तीन बहनें, एक दूसरे को बचाने की कोशिश में डूब गई

बीकानेर के बज्जू में डिग्गी में डूबी तीन बहनें, एक दूसरे को बचाने की कोशिश में डूब गई
बीकानेर। बज्जू क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम पंचायत ग्रान्धी की रोही में खेत की डिग्गी में डूबने से तीन सगी बहनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक बहन को बचाने के प्रयास में दूसरी और फिर तीसरी बहन भी डिग्गी में उतर गई और तीनों पानी में डूब गईं। लड़कियां गुरुवार दोपहर से लापता थी लेकिन देर शाम इनका शव डिग्गी में देखा गया। जिसके बाद देर रात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकाले। अब शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम होगा। बज्जू उपखंड मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर नख्तबन्ना सब माइनर की टेल पर किसान खेताराम मेघवाल का खेत है। परिवार खेत पर रहकर खेती-बाड़ी करता है। गुरुवार दोपहर खेताराम की बेटियां धापू, सुशीला और अनु पड़ोसी पुनाराम मेघवाल की डिग्गी पर कृषि कार्य, पशुओं को पानी पिलाने और कपड़े धोने गई थीं।
परिजनों को उन्होंने बताया था कि काम के बाद वे रिश्तेदार की ढाणी भी जाएंगी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पिता खेताराम ने रिश्तेदारों से संपर्क किया, जहां पता चला कि तीनों बहनें वहां पहुंची ही नहीं थीं। इस पर परिजन डिग्गी के पास पहुंचे और हादसे की आशंका होने पर ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय तैराकों को डिग्गी में उतारा गया, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद दो बहनों के शव बाहर निकाल लिए। तीसरी बहन का शव काफी देर तक नहीं मिलने पर पुलिस ने जेसीबी मशीन बुलाकर डिग्गी को तुड़वाया। इसके बाद तीसरे शव को भी बाहर निकाला गया।