Amazon से ठगी का बड़ा खेल: फर्जी खातों से 200+ ऑर्डर, ‘खाली पैकेट’ बताकर लाखों का रिफंड हड़पा; मामला दर्ज

श्रीगंगानगर। ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी अमेजन के साथ सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी करने का बड़ा मामला सामने आया है। कंपनी के सिक्योरिटी मैनेजर राजेश कुमार की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने संगठित गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी नामों और दस्तावेजों के जरिए दर्जनों ग्राहक खाते तैयार कर रखे थे। करीब 52 यूनिक कस्टमर आईडी और 49 अलग-अलग फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया गया, जिन्हें खासतौर पर बनाए गए ई-मेल और मोबाइल नंबरों से जोड़ा गया था। इन खातों के माध्यम से महंगे स्मार्टफोन, टैबलेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के ऑर्डर किए जाते थे।
आरोपी बेहद शातिर तरीके से कंपनी को चूना लगाते थे। डिलीवरी के बाद वे कंपनी के सिस्टम में झूठा दावा करते थे कि उन्हें खाली पैकेट मिला है। अमेजन की रिटर्न पॉलिसी का दुरुपयोग करते हुए बिना सामान लौटाए ही पूरा रिफंड हासिल कर लिया जाता था। जांच में सामने आया है कि इस तरह करीब 207 ऑर्डर के जरिए कंपनी से बड़ी रकम का रिफंड लिया गया।
इसी गिरोह ने श्रीगंगानगर के विकास नगर स्थित मारुति सुजुकी एरिना ऑटोमोबाइल मार्केट के पते पर भी महंगे गैजेट्स मंगवाए। इनमें 9,575 रुपये का सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल 12 मई 2026 को डिलीवर हुआ, जिसमें उसी तरीके से फर्जीवाड़ा किया गया। वहीं 18,078 रुपये का रेडमी पैड ऑर्डर बाद में कैंसिल हो गया।
थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और थानाधिकारी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में गिरोह की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस इस संगठित आर्थिक अपराध से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।