राजस्थान में कांग्रेस नेता के घर ताबड़तोड़ फायरिंग में पंजाब कनेक्शन? पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल

post 207 (1)

राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ कस्बे में गुरुवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब बदमाशों ने कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद राजेन्द्र बबेरवाल के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सुबह करीब 5 बजे हुई इस वारदात में एक दर्जन से अधिक राउंड फायर किए गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

गोलियों की आवाज से दहशत:-

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे। तभी अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। लोग घबराकर बाहर निकले तो बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जिलेभर में नाकाबंदी करवा दी।

पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़:-

फायरिंग के बाद बदमाश चूरू-तारानगर रोड की ओर भागे। पुलिस ने पीछा किया, जिसके दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर भी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को गोली लग गई।

एक घायल, दूसरा हिरासत में:-

घायल बदमाश की पहचान अनमोल के रूप में हुई है, जिसे रतनगढ़ के भरतिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरे आरोपी रोहित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद अस्पताल में भारी भीड़ जुट गई, जिसके चलते सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दो पुलिसकर्मी भी घायल:-

मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस:-

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश पंजाब के बताए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने वीडियो कॉल के जरिए पूर्व पार्षद राजेन्द्र बबेरवाल के घर की लोकेशन और अन्य जानकारी हासिल की थी। घटना के समय राजेन्द्र बबेरवाल रतनगढ़ में मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि वे सूरत गए हुए हैं। फिलहाल पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह और बदमाशों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।