राजस्थान में बरसेगी आग: मौसम विभाग ने भीषण गर्मी को लेकर इन जिलों में जारी किया अलर्ट, पारा 50 डिग्री तक पहुंचने के आसार

post 188 (1)

जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने आज जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जालोर और बीकानेर में ऑरेंज अलर्ट तथा कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तेज गर्मी और लू के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों को दिन के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

50 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान:-

विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में अगले तीन दिनों तक हीटवेव का असर जारी रह सकता है। रेगिस्तानी क्षेत्रों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। अनुमान है कि बाड़मेर में पारा 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

सावधानी बरतने की अपील:-

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।

डॉक्टरों ने भी सलाह दी है कि गर्मी से बचाव के लिए हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें।