Road Accident: बच्चो से भरी क्रूजर पलटी, 13 घायल

post 180 (1)

Road Accident: चित्तौड़गढ़ के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब बच्चों और अभिभावकों से भरी क्रूजर गाड़ी पलट गई। यह दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे नेशनल हाईवे-27 पर पारसोली रेलवे स्टेशन के पास हुई। हादसे में कुल 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें स्टूडेंट्स और उनके अभिभावक शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांसवाड़ा से कुछ अभिभावक अपने बच्चों का स्कूल में एडमिशन कराने के लिए कोटा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पारसोली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया गया और सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए पारसोली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि 4 छात्र, वाहन चालक और एक अभिभावक को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।