बीकानेर केंद्रीय कारागार में बंदियों के बीच खूनी झड़प, एक घायल, जेल प्रहरी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज

post 142 (1)

बीकानेर। केंद्रीय कारागार बीकानेर में शनिवार तड़के बंदियों के बीच हुई हिंसक झड़प ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब सुबह 4 बजे हुई इस घटना में एक विचाराधीन बंदी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद जेल प्रहरी जितेंद्र सुरोला की रिपोर्ट पर बीछवाल थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले में विचाराधीन बंदी मनोज उर्फ कालिया को नामजद किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बंदी के खिलाफ पहले से दर्ज एक मामले की कोर्ट में सुनवाई चल रही है और वह इसी मामले में जेल में बंद है।

बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर बंदियों के बीच शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। आरोप है कि मनोज उर्फ कालिया ने दूसरे बंदी पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद जेल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायल बंदी को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद बीछवाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की असली वजह क्या थी और घटना के वक्त वहां कौन-कौन मौजूद था।

मामले की जांच के तहत जेल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।