बीकानेर: तेज रफ़्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक गंभीर घायल

बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नोखा रोड, भीनासर निवासी श्यामसुंदर पुत्र मांगीलाल रेगर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि घटना 29 अप्रैल की शाम करीब 7:30 बजे नोखा रोड पर हुई। इस दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार (नंबर RJ 23 CD 9279) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे के समय मोटरसाइकिल पर श्यामसुंदर का पुत्र गौरव पीछे बैठा हुआ था। टक्कर लगने से गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत ट्रोमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई रामलाल कर रहे हैं।