खाजूवाला: ट्रक से मूंग गायब, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
खाजूवाला: ट्रक से मूंग गायब, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
खाजूवाला। खाजूवाला थाना क्षेत्र में कृषि उपज मंडी के क्रय किए हुए मूंग भेजने के दौरान मूंग चोरी का मामला सामने आया है। खाजूवाला कस्बे के सेक्टर नंबर तीन निवासी व्यापारी मोहनलाल जाट ने थाना खाजूवाला में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उसके द्वारा दिल्ली भेजी गई मूंग की गाड़ी में से 22.85 क्विंटल मूंग चोरी कर ली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहनलाल जाट की फर्म सीहाग ब्रदर्स, नई धान मंडी खाजूवाला से 11 दिसंबर की रात को 197.35 क्विंटल मूंग दिल्ली स्थित प्रकाश पल्स मिल के लिए रवाना की गई थी। यह माल बीकानेर ट्रांसपोर्ट के माध्यम से ट्रक द्वारा भेजा गया। सामान्यत: यह गाड़ी दो से तीन दिनों में दिल्ली पहुंच जाती है, लेकिन अबकी बार यह गाड़ी 16 दिसंबर को दिल्ली के गोदाम पर पहुंची।
जब प्रकाश पल्स मिल द्वारा माल का वजन कराया गया तो ट्रक में केवल 174.50 क्विंटल मूंग का वजन मिला, हालांकि देखा जाए तो 22.85 क्विंटल मूंग कम थी। इसकी सूचना मिल के प्रोपराइटर द्वारा फोन पर मोहनलाल जाट को दी गई। पीडि़त ने मामले की जानकारी चौधरी रोड स्थित लाइंस बीकानेर के संचालक दामोदर जाट को दी। इसके बाद ट्रांसपोर्ट मालिक दामोदर जाट, ट्रक चालक प्रभु गोदारा और ट्रक मालिक प्रेमकुमार शर्मा से कई बार संपर्क किया गया, लेकिन चार-पांच दिन तक टालमटोल करते रहे और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। पीडि़त का आरोप है कि तीनों ने आपसी मिलीभगत से मूंग चोरी कर खुर्द-बुर्द कर दी। फिलहाल खाजूवाला पुलिस ने परिवाद की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई मांगीलाल को सौंपी दी है।