Crime News : स्टील रैलिंग की दुकान की आड़ में नशे का कारोबार, पुलिस ने अफीम तस्कर को किया गिरफ्तार

Crime News : सीकर में डीएसटी टीम और कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार शाम बायोस्कोप मॉल के सामने एक कॉलोनी से 942 ग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले करीब 10 वर्षों से सीकर में रहकर अफीम की तस्करी कर रहा था और स्टील रेलिंग के काम की आड़ में यह अवैध कारोबार संचालित कर रहा था।
डीएसटी टीम प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रावण टिब्बा कॉलोनी में एक व्यक्ति अफीम की सप्लाई के लिए पहुंचने वाला है। आरोपी ने अफीम को प्लास्टिक की थैली में छिपाकर कपड़े के बैग में रखा हुआ था ताकि किसी को शक न हो सके।
सूचना पर डीएसटी टीम और कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी भैराराम विश्नोई (निवासी सांचौर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह यह अफीम जोधपुर से लाकर सीकर सहित अन्य जिलों में छोटे तस्करों और नशेड़ियों को सप्लाई करता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शहर में फतेहपुर रोड और पिपराली रोड पर स्टील रेलिंग की दो दुकानों की आड़ में यह अवैध कारोबार चला रहा था। आरोपी सीकर में पत्नी व दो बेटों के साथ रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उसे रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि सीकर में नशे की सप्लाई कई जिलों से जुड़ी हुई है, जिसकी गहन पड़ताल की जा रही है।