ईरान का यूएई पर फिर बड़ा हमला, दागीं कई मिसाइलें और ड्रोन

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। होर्मुज स्ट्रेट में ईरान द्वारा अमेरिकी डिस्ट्रॉयर को निशाना बनाकर मिसाइल दागे जाने के बाद हालात और बिगड़ गए। इसके जवाब में अमेरिका ने ईरान के केशम पोर्ट और बंदर अब्बास इलाके में सैन्य कार्रवाई की। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने कहा कि दोनों देशों के बीच सीजफायर और बातचीत की प्रक्रिया अभी जारी है।
इसी बीच ईरान ने एक बार फिर यूएई पर मिसाइल और ड्रोन हमला कर तनाव बढ़ा दिया है। जानकारी के अनुसार ईरान ने एक साथ कई मिसाइलें और ड्रोन लॉन्च किए, जिसके बाद यूएई के एयर डिफेंस सिस्टम तुरंत सक्रिय हो गए।
बताया जा रहा है कि यूएई की सुरक्षा प्रणाली ने अधिकांश मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया। हालांकि, कुछ स्थानों पर ड्रोन का मलबा गिरने और धमाकों की खबरों से लोगों में दहशत फैल गई। शुरुआती रिपोर्ट्स में कुछ नुकसान की बात सामने आई है, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
यूएई प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। साथ ही लोगों को सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ईरान यूएई पर हमला कर चुका है। यूएई रक्षा मंत्रालय के अनुसार उस हमले में 12 बैलिस्टिक मिसाइलें, 3 क्रूज मिसाइलें और 4 ड्रोन दागे गए थे। अधिकांश हमलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया था, लेकिन फुजैरा ऑयल इंडस्ट्री जोन में एक ड्रोन गिरने से आग लग गई थी। उस घटना में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल तीनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।