राजस्थान: एसीबी की बड़ी कार्रवाई, ग्राम विकास अधिकारी को 25 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

post 107 (1)

Rajasthan News: राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ACB की स्पेशल यूनिट कोटा ने बूंदी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम विकास अधिकारी (VDO) को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी के अनुसार, केशोरायपाटन पंचायत समिति की सखावदा ग्राम पंचायत में तैनात ग्राम विकास अधिकारी सतवीर सिंह कुमावत को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद पंचायत समिति परिसर में हड़कंप मच गया।

बिल भुगतान के बदले मांगी रिश्वत:-

जानकारी के मुताबिक परिवादी ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांव में सफाई और नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य करवाए थे। इन कार्यों के करीब डेढ़ लाख रुपए के बिल लंबित थे। आरोप है कि भुगतान जारी करने के बदले आरोपी अधिकारी रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया कि भविष्य में अन्य सरकारी योजनाओं के कार्यों में बाधा नहीं डालने और परेशान नहीं करने के बदले भी रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत सत्यापन के बाद बिछाया जाल:-

परिवादी ने 5 मई 2026 को कोटा एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

एसीबी टीम ने तय योजना के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की राशि लेते ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

ठिकानों पर तलाशी जारी:-

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी अधिकारी की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में पहले भी चर्चाएं होती रही थीं। फिलहाल एसीबी मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

You may have missed