Crime News: 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को भगाकर ले जा रहा बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार

Crime News: झालावाड़ पुलिस ने 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक बांग्लादेशी युवक को प्रयागराज रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी बालिका को ट्रेन के जरिए कोलकाता ले जा रहा था और वहां से बांग्लादेश भागने की फिराक में था। पुलिस ने आरपीएफ की मदद से 5 मई 2026 को दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 2 मई 2026 को झालरापाटन थाने में परिवादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी को आदित्य विश्वास नामक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भांगचंद मीणा और वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह खरेड़ा के निर्देशन में थानाधिकारी अल्का विश्नोई के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सुनेल, रटलाई, भवानीमंडी, सोयत, उज्जैन और इंदौर सहित कई स्थानों पर तलाश अभियान चलाया। साथ ही बालिका की जल्द बरामदगी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को लेकर इंदौर से ट्रेन में रवाना हुआ है। इसके बाद पुलिस ने तुरंत आरपीएफ से संपर्क कर आरोपी के फोटो और अन्य जानकारी साझा की। ट्रेन की पहचान होने पर पुलिस टीम प्रयागराज पहुंची, जहां रेलवे स्टेशन पर दोनों को दस्तयाब कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने शुरुआत में अपना नाम आदित्य पौदार और पता सुनेल क्षेत्र का बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसकी असली पहचान सामने आ गई। आरोपी की पहचान स्वपनो विश्वास पुत्र बादल विश्वास निवासी जिला खुलना, बांग्लादेश के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2024 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से भारत में रह रहा था। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए झालावाड़ जिले के सलोतिया क्षेत्र का फर्जी पता इस्तेमाल कर दस्तावेज भी तैयार करवा लिए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।