Rajasthan: बुलेट से पटाखे फोड़ने पर टोका तो भीड़ ने थाने पर कर दिया हमला, पढ़े खबर

post 103 (1)

Rajasthan: अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 100 से अधिक लोगों की भीड़ ने थाने पर हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला करते हुए थाने में जमकर तोड़फोड़ की। घटना में थानाधिकारी (SHO) धर्म सिंह सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे दो युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर स्टंट करते हुए तेज आवाज में पटाखे फोड़ रहे थे। इससे परेशान ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एएसआई ने युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक पुलिस से उलझ पड़े और कथित तौर पर पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। इसके बाद पुलिस बाइक जब्त कर दोनों को थाने ले आई।

कुछ देर बाद युवकों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए और उन्हें छोड़ने की मांग करने लगे। पुलिस द्वारा मना करने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि भीड़ ने थाने में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को बाहर निकाला। इसी दौरान उग्र भीड़ ने पास में निर्माणाधीन भवन से ईंट-पत्थर उठाकर थाने पर हमला कर दिया। पथराव में पुलिस वाहनों के शीशे भी टूट गए।

हमले में SHO धर्म सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके चेहरे पर 8 टांके लगाए गए। घटना के बाद पूरे थाने में खून और हर तरफ तबाही के निशान साफ देखे जा सकते थे।

मामले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी सहित भारी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा, पुलिस पर हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

You may have missed