Rajasthan: ACB की बड़ी कार्रवाई, 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों किया गिरफ्तार

post 89 (1)

राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीबी चौकी भिवाड़ी की टीम ने पावटा तहसील के भैसलाना पटवार हल्का में पदस्थ पटवारी प्रमोद सामरिया को 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया कि परिवादी के पिता की पैतृक जमीन के बंटवारे का मामला पिछले 5–6 वर्षों से एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन था। 20 जून 2025 को कोर्ट ने परिवादी के पक्ष में फैसला देते हुए पटवारी को “कुरेजात रिपोर्ट” तैयार कर 24 जुलाई 2025 तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

आरोप है कि आदेश के बावजूद पटवारी प्रमोद सामरिया ने लंबे समय तक रिपोर्ट कोर्ट में पेश नहीं की और इसके एवज में परिवादी से 1 लाख रुपये की मांग की। लगातार दबाव बनाने और परेशान करने के बाद मामला एसीबी तक पहुंचा।

रिश्वत की राशि कम कर तय हुआ सौदा:-

शिकायत के सत्यापन के दौरान 29 अप्रैल 2026 को हुई गोपनीय जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने रिश्वत की राशि घटाकर 80 हजार रुपये कर दी थी। यह भी तय हुआ कि रकम तीन किस्तों में दी जाएगी, जिसमें पहली किस्त 40 हजार रुपये रखी गई थी।

ट्रैप कर रंगे हाथों पकड़ा गया पटवारी:-

एसीबी की टीम ने उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के सुपरविजन और चौकी प्रभारी परमेश्वर लाल के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही आरोपी पटवारी ने परिवादी से 40 हजार रुपये की पहली किस्त स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।