Crime News: जमीन के पैसे और मोबाइल बैटरी विवाद में वृद्ध की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

post 88 (1)

Crime News: झालावाड़ जिले के पनवाड़ थाना क्षेत्र में हुए एक ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जमीन के मुनाफे के पैसे और मोबाइल बैटरी के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि हरिगढ़ गांव निवासी सांवरिया भील ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता रामगोपाल (70), पुत्र बालाजी, प्रतिदिन की तरह सुबह लगभग 9 बजे पशुओं को चराने के लिए घर से करीब तीन किलोमीटर दूर खेत पर गए थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे।

परिजनों द्वारा की गई तलाश के दौरान रात लगभग साढ़े नौ बजे रामगोपाल खेत में मृत अवस्था में पाए गए। उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे स्पष्ट हुआ कि उनकी हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई, जिसमें एफएसएल, एमआईयू और डॉग स्क्वॉयड की सहायता से साक्ष्य एकत्र किए गए। तकनीकी विश्लेषण और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने हरिगढ़ निवासी जितेंद्र (25), पुत्र छोटूलाल भील को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक के खेत पास-पास में थे और दोनों के बीच जान-पहचान थी। मृतक आरोपी की जमीन जोतता था और मुनाफे के कुछ पैसे देना बाकी थे। घटना से कुछ दिन पहले आरोपी ने मोबाइल की बैटरी चार्ज करने के लिए मृतक को दी थी, जिसे वापस नहीं किया गया।

घटना वाले दिन दोनों ने साथ बैठकर खाना बनाया और शराब का सेवन किया। इसी दौरान पैसों और मोबाइल बैटरी को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर रामगोपाल की हत्या कर दी।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।