श्रीगंगानगर: SP ऑफिस की CDR सेल में सेंध, हवलदार तस्करों से मिला; ड्रोन से आई हेरोइन केस में बड़ा खुलासा

राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में सुरक्षा तंत्र को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट ने पुलिस सिस्टम के भीतर तक पहुंच बनाते हुए SP कार्यालय की CDR सेल में सेंध लगा दी। मामले में पुलिस ने अपनी ही टीम के हवलदार मंगतराम को तस्करों से मिलीभगत और ड्यूटी में गद्दारी करने के आरोप में निलंबित कर दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि CDR सेल में तैनात मंगतराम ने पाकिस्तानी तस्करों से सांठगांठ कर ली थी। आरोप है कि वह गोपनीय सूचनाएं लीक करने के साथ-साथ ड्रोन के जरिए गिराई जा रही हेरोइन की खेप को सुरक्षित पहुंचाने में भी मदद कर रहा था।
ड्रोन से गिराई गई हेरोइन, 5 तस्कर गिरफ्तार:-
मामला 26 मार्च का है, जब रावला थाना क्षेत्र के चक 7-8 एसकेएम की रोही में ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ गिराए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 किलो 830 ग्राम हेरोइन (20 पैकेट) बरामद की। इस दौरान पंजाब के फाजिल्का निवासी हरमेश, रणजीत सिंह, सोनू सिंह, गुरप्रीत सिंह और कीर्तन सिंह को गिरफ्तार किया गया।
जांच में गुमराह करता रहा हवलदार:-
इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम ने CDR सेल से संदिग्धों की लोकेशन और कॉल डिटेल मांगी, लेकिन आरोप है कि मंगतराम ने जानबूझकर गलत जानकारी दी, ताकि मुख्य आरोपी बच निकलें।
मोबाइल रिकॉर्ड से खुली साजिश:-
शक के बाद शुरू हुई आंतरिक जांच में करीब 35 दिनों में चौंकाने वाले सबूत सामने आए। कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच से पता चला कि मंगतराम लगातार तस्करों के संपर्क में था और पुलिस की गतिविधियों की जानकारी उन्हें दे रहा था।
तुरंत कार्रवाई, विभागीय जांच शुरू:-
मामले में SP हरिशंकर यादव ने मंगतराम को तत्काल निलंबित कर दिया है। जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर शर्मा को सौंपी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती:-
यह मामला सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि एक ओर BSF, NCB और अन्य एजेंसियां सीमा पार से होने वाली ड्रोन तस्करी रोकने में जुटी हैं, वहीं दूसरी ओर सिस्टम के भीतर से ही सेंधमारी सामने आई है।
आगे हो सकती है कड़ी कार्रवाई:-
पुलिस के अनुसार, मंगतराम के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी और सेवा से बर्खास्तगी की कार्रवाई भी की जा सकती है।