ब्रेकिंग: बीकानेर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हडकंप

post 83 (1)

बीकानेर जिला कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार सुबह प्रशासन में हड़कंप मच गया। कलेक्टर कार्यालय में बम होने का ई-मेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली कराया जाने लगा।

धमकी भरे ई-मेल में कलेक्ट्रेट परिसर में 16 बम लगाए जाने का दावा किया गया है और दोपहर 12:15 बजे विस्फोट की चेतावनी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।

जिला कलक्टर निशांत जैन ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। वहीं एसपी मृदुल कच्छावा भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

एसपी ने कहा कि तय प्रक्रिया (SOP) के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

फिलहाल बम निरोधक दस्ता कलेक्ट्रेट परिसर के हर हिस्से की गहन जांच कर रहा है। सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया है और एक-एक कमरे की तलाशी ली जा रही है। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर सघन जांच जारी है।