बीकानेर: पत्नी की हत्या कर शव कुएं में फेंका, 1230 किमी दूर भागे पति को बिहार से दबोचा

post 81 (1)

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर में एक सनसनीखेज मर्डर केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने फरार आरोपी पति को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। पत्नी की हत्या के बाद शव कुएं में फेंककर आरोपी करीब 1230 किलोमीटर दूर भाग गया था, लेकिन पुलिस की लगातार निगरानी और पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामला 30 अप्रैल का है। टेचरी फांटा क्षेत्र स्थित रोही किशनायत में एक फार्म हाउस के कुएं से बदबू आने पर सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने कुएं से एक महिला का शव बरामद किया, जिसकी पहचान 25 वर्षीय अंशु के रूप में हुई।

पहले पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन जांच के दौरान मामला हत्या का निकला। इसके बाद बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी छोटू कुमार, निवासी समस्तीपुर (बिहार), मृतका का पति है। दोनों के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था और महिला अलग रह रही थी। आरोपी उसे बहाने से अपने साथ ले गया और 14 अप्रैल को उसकी हत्या कर शव कुएं में डाल दिया। वारदात के बाद वह मृतका की बच्ची को लेकर फरार हो गया।

पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने मोबाइल बंद कर सिम कार्ड फेंक दिया और जयपुर, अहमदाबाद, सूरत व मुंबई जैसे शहरों में लगातार लोकेशन बदलता रहा। बाद में वह बिहार पहुंच गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी इनपुट और मुखबिरों की मदद से चार दिन तक लगातार पीछा किया और आखिरकार समस्तीपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और पुलिस उससे मामले के अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।