बड़ा हादसा : केमिकल से भरा टैंकर पलटा, भीषण आग में चालक जिंदा जला

post 77 (1)

राजसमंद। जिले के दिवेर थाना क्षेत्र स्थित छापली घाट में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब केमिकल से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई, जिससे चालक जिंदा जल गया। हादसे के बाद उठे धुएं के गुबार 10 से 15 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दिवेर थाना प्रभारी दलपत सिंह ने बताया कि उदयपुर से अजमेर की ओर जा रहा टैंकर घाट उतरते समय नियंत्रण खो बैठा और बीच सड़क पलट गया। टैंकर में भरे केमिकल के फैलने से आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत दोनों तरफ का यातायात रोक दिया गया।

आग बुझाने के लिए राजसमंद, आमेट और देवगढ़ से दमकल वाहन बुलाए गए। कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो से तीन घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान हाईवे पूरी तरह जाम रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में एकतरफा यातायात शुरू किया गया, लेकिन जाम खुलवाने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी।

प्रारंभिक जांच में मृत चालक की पहचान उदयपुर निवासी सोहनलाल डांगी के रूप में की गई है। पुलिस ने टैंकर नंबर के आधार पर मालिक की जानकारी जुटा ली है और मामले की जांच जारी है। सूचना पर भीम डीएसपी राकेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

हादसे के बाद छापली घाट की सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गोमती से ब्यावर तक बने फोरलेन के बावजूद इस क्षेत्र में दुर्घटनाएं थम नहीं रही हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी चर्चा शुरू हो गई है।

You may have missed