Crime News: अड़चन बनी सास का बहू ने किया मर्डर, ‘झोलछाप डॉक्टर’ से चल रहा था ‘प्रेम-प्रसंग’

श्रीगंगानगर। जिले के चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव सागरवाला में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने अहम खुलासा करते हुए मृतका की पुत्रवधू को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों के चलते इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया।
थानाधिकारी (आईपीएस प्रशिक्षु) ज्ञानेन्द्र भारती ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले 80 वर्षीय मोहिनी देवी की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतका के पोते अमन बिश्नोई की रिपोर्ट पर पुत्रवधू कलावती बिश्नोई, पड़ोसी झोलाछाप डॉक्टर त्रिलोकचंद अरोड़ा समेत अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कलावती के पड़ोसी त्रिलोकचंद के साथ अवैध संबंध थे, जिनका मोहिनी देवी लगातार विरोध करती थीं। इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार सास की रोक-टोक से परेशान होकर कलावती ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। घटना के दिन मोहिनी देवी गांव के बाहर मंदिर में दर्शन कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान सुनसान जगह पर पहले से घात लगाए आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
गंभीर हालत में उन्हें पहले चुनांवढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से श्रीगंगानगर जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी त्रिलोकचंद और उसके एक सहयोगी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।