NEET-UG परीक्षा से बचने के लिए छात्र ने रचा फर्जी अपहरण, AI से बनाया वीडियो; ऐसे खुली पोल

कोटा। कोचिंग सिटी कोटा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां NEET-UG परीक्षा से बचने के लिए एक छात्र ने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी गढ़ डाली। इतना ही नहीं, उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से एक फर्जी वीडियो तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पुलिस और परिजन दोनों में हड़कंप मच गया।
AI से बनाया ‘किडनैपिंग वीडियो’:-
एडिशनल एसपी नियति शर्मा के अनुसार, 22 वर्षीय छात्र पिछले दो साल से कोटा में रहकर NEET-UG की तैयारी कर रहा था। परीक्षा के दिन वह सेंटर पर जाने के बजाय खुद का एक नकली ‘किडनैपिंग वीडियो’ तैयार कर बैठा। वीडियो में उसने खुद को बंधक जैसा दिखाने की कोशिश की, ताकि लगे कि उसका अपहरण हो गया है।
कुछ ही घंटों में पुलिस ने ढूंढ निकाला:-
वीडियो सामने आते ही सऊदी अरब में रह रहे उसके परिजनों ने तुरंत कोटा पुलिस को सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में छात्र को ट्रेस कर सुरक्षित बरामद कर लिया।
परीक्षा से बचने के लिए रची साजिश:-
पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह NEET-UG परीक्षा नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने यह पूरा ड्रामा रचा। फिलहाल छात्र सुरक्षित है और पुलिस ने उसके परिजनों को कोटा बुलाया है। काउंसलिंग के बाद उसे परिवार को सुपुर्द किया जाएगा।
पुलिस पहले ही कर चुकी थी अलर्ट:-
इससे पहले कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने परीक्षा को लेकर अलर्ट जारी करते हुए हॉस्टल संचालकों को छात्रों की गतिविधियों और मानसिक स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए थे। कोटा हॉस्टल एसोसिएशन ने भी छात्रों के लिए काउंसलिंग और निगरानी से जुड़ी एसओपी लागू की है।
AI के दुरुपयोग पर चेतावनी:-
एडिशनल एसपी ने कहा कि AI तकनीक का इस तरह दुरुपयोग न सिर्फ कानूनन गलत है, बल्कि इससे अनावश्यक भय और अफवाहें भी फैलती हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि किसी भी मानसिक दबाव या परेशानी में हेल्पलाइन या प्रशासन से संपर्क करें—मदद के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।