Rajasthan: स्कूल में बच्चे के सामने पिता से मारपीट, FIR बेअसर; अभिभावक संघ ने खोला मोर्चा

post 46 (1)

Rajasthan: राजस्थान के कुचामन सिटी स्थितआस्था पब्लिक स्कूल में एक अभिभावक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। छात्र के सामने हुई इस घटना को लेकर संयुक्त अभिभावक संघ ने कड़ा विरोध जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, जसाना स्थित आस्था पब्लिक स्कूल में एक छात्र के सामने ही उसके पिता के साथ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की घटना सामने आई है। संघ के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू ने इसे बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि स्कूल जैसे स्थान पर इस तरह की घटना निंदनीय है और इससे बच्चे के मानसिक विकास पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल:-

संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल ने आरोप लगाया कि स्कूल संचालक राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर अभिभावकों पर दबाव बना रहा है। उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है।

उच्च स्तर पर शिकायत, आंदोलन की चेतावनी:-

मामले को लेकर संघ ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, जिला कलेक्टर और आईजी अजमेर रेंज सहित अन्य अधिकारियों को ज्ञापन भेजा है।

संघ ने मांग की है कि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, स्कूल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सभी शिक्षण संस्थानों में अभिभावकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।