Road Accident: NEET परीक्षा देने जा रहे युवकों की बाइक को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, एक युवक की मौत

post 45 (1)

Road Accident: निवाई (टोंक), डॉक्टर बनने का सपना लेकर घर से निकले दो दोस्तों की राह दर्दनाक सड़क हादसे में थम गई। कौथून-लालसोट एनएच-11ए पर करेडा बुजुर्ग बाइपास के पास तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

दत्तवास थानाधिकारी हीरालाल के अनुसार, धौलपुर जिले के सरमथुरा निवासी आसिव (19) पुत्र परवेज और फहरान (19) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जयपुर NEET परीक्षा देने जा रहे थे। शनिवार रात करीब 10:30 बजे कौथून की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तुरंत जयपुर के आरयूएचएस अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान आसिव की मौत हो गई, जबकि फहरान का उपचार जारी है।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।