शहर में नगर कीर्तन के दौरान विदेशी युवक-युवती को पकड़ा

post 993

शहर में नगर कीर्तन के दौरान विदेशी युवक-युवती को पकड़ा

बीकानेर। गुरु गोविंद सिंह जयंती के अवसर पर रावला मंडी में निकाले जा रहे नगर कीर्तन के दौरान एक विदेशी युवक और युवती को सीआईडी ने डिटेन किया है। दोनों के विदेशी नागरिक होने की सूचना मिलने पर सीआईडी टीम ने उन्हें नगर कीर्तन से अलग कर रावला पुलिस को सुपुर्द कर दिया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

अनूपगढ़ क्षेत्र की भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे रावला कस्बे को संवेदनशील बॉर्डर एरिया माना जाता है। यहां बिना पूर्व अनुमति किसी भी विदेशी नागरिक के प्रवेश पर प्रतिबंध है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

एसपी अमृता दुहन के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि युवक और युवती चेकोस्लोवाकिया के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से पूछताछ कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक दोनों रावला क्षेत्र में रहने वाले अपने एक परिचित के यहां ठहरे हुए थे और इसी दौरान नगर कीर्तन में शामिल हो गए। फिलहाल पुलिस उनके रावला आने के उद्देश्य और अनुमति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।