Rajasthan: जॉइनिंग से पहले ही बुझ गई जिंदगी की लौ, पति के साथ जा रही पत्नी की दर्दनाक मौत

post 18 (1)

Rajasthan: जयपुर, नई नौकरी जॉइन करने की खुशी लेकर घर से निकली एक महिला स्वास्थ्यकर्मी की जिंदगी सड़क हादसे में थम गई। सामोद थाना क्षेत्र के चौमूं-अजीतगढ़ स्टेट हाईवे पर बंदोल गांव के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से एएनएम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार खेड़ी लोहरवाड़ा (जोबनेर) निवासी आशा खूंटेटा (37) अपने पति बंशीधर खूंटेटा के साथ एएनएम पद पर जॉइनिंग के लिए राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरसर जा रही थीं। सुबह करीब 8 बजे बंदोल गांव के पास गति अवरोधक पर बाइक की रफ्तार धीमी करते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रेलर ने आशा को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति बंशीधर उछलकर दूर गिरने से गंभीर चोटों से बच गए और उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

सूचना मिलने पर सामोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एम्बुलेंस के जरिए चौमूं के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि आशा खूंटेटा एएनएम पद पर चयनित होने के बाद पहली बार जॉइनिंग के लिए जा रही थीं। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गांव में घटना की खबर पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई।

ब्रेकर बने हादसे की वजह :-

चौमूं-अजीतगढ़ स्टेट हाईवे पर बड़ी संख्या में बने स्पीड ब्रेकरों पर चेतावनी संकेत और सफेद पट्टियां नहीं होने से हादसों का खतरा बना रहता है। प्रारंभिक तौर पर इस हादसे में भी यही कारण सामने आ रहा है।

You may have missed