RR vs DC मुकाबले में नजरें वैभव पर, एक सिक्स और बनेगा नया इतिहास

post 16 (1)

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सनसनी मचा दी है। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा ओपनर ने महज 15 साल की उम्र में गेंदबाजों की नींद उड़ा दी है। अब जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में सभी की नजरें उन्हीं पर टिकी होंगी।

वैभव अपने टी20 करियर में 100 छक्कों के आंकड़े से सिर्फ एक शॉट दूर हैं। अगर वह अगली पारी में एक छक्का जड़ देते हैं, तो वह टी20 इतिहास में सबसे कम उम्र में यह मुकाम हासिल करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

इस सीजन वैभव का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। वह सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं और 400 से ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में मजबूती से बने हुए हैं।

युवा बल्लेबाज ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे तेज 400 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए यह कारनामा सिर्फ 167 गेंदों में कर दिखाया, जबकि रसेल को 188 गेंदें लगी थीं।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 37 गेंदों में शतक जड़ते हुए वैभव ने टी20 में अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए। वह सबसे तेज (473 गेंदें) और सबसे कम उम्र में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले खिलाड़ी बन गए, उन्होंने मिचेल ओवन को पीछे छोड़ा।

इसी मुकाबले में एक ही पारी में 12 छक्के जड़कर उन्होंने मुरली विजय के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया। एक आईपीएल पारी में किसी भारतीय बल्लेबाज के लगाए गए यह सबसे ज्यादा छक्के हैं।

भले ही शिखर धवन जैसे दिग्गज कहते हों कि वह अभी बच्चा है, लेकिन मैदान पर वैभव का बल्ला किसी अनुभवी चैंपियन की तरह बोल रहा है।