Rajasthan: भीषण सड़क हादसा, करोड़ों का कैश लेकर जा रही HDFC बैंक की गाड़ी बनी आग का गोला

post 1948 (1)

राजस्थान के टोंक जिले में नेशनल हाईवे-52 पर निवाई क्षेत्र के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जयपुर से भीलवाड़ा जा रही HDFC बैंक की एक टेंपो ट्रैक्स कैश वैन में अचानक भीषण आग लग गई। वाहन में बैंक का करोड़ों रुपये का कैश मौजूद था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। अचानक धुआं उठने के बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। चालक ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोका, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही निवाई पुलिस और हाईवे कर्मी मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। टीम ने जोखिम उठाते हुए वाहन में मौजूद सुरक्षा गार्डों को सुरक्षित बाहर निकाला और कैश को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला, जिससे करोड़ों रुपये की नकदी सुरक्षित बचा ली गई।

इसके बाद बैंक शाखा प्रबंधक भी मौके पर पहुंचे और पूरी नकदी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दूसरे वाहन में स्थानांतरित कर निवाई ब्रांच तक सुरक्षित पहुंचाया गया।

हालांकि आग की इस घटना में टेंपो ट्रैक्स पूरी तरह जलकर खाक हो गया, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से कैश और स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित रहे।