IMD Alert: राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में आंधी-बारिश-वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

जयपुर। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने प्रदेश के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले तीन घंटों के भीतर राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में धूलभरी आंधी, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अचानक मौसम बदलने से जनजीवन पर असर पड़ सकता है।
धूलभरी आंधी और बारिश का अलर्ट:-
जारी चेतावनी के मुताबिक बीकानेर, नागौर, जोधपुर, जैसलमेर, फलोदी, डीडवाना-कुचामन और चूरू जिलों में कहीं-कहीं धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। वहीं अलवर, भरतपुर, बूंदी, कोटा, बारां, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, डीग, खेड़ली-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और झुंझुनूं जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, साथ ही वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने इस स्थिति को येलो अलर्ट श्रेणी में रखा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से वाहन चालकों को सावधानी बरतने, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रुकने और बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
संभावित प्रभाव के रूप में कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने या हल्के नुकसान की आशंका है। मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और खुले स्थानों पर खड़े रहने से परहेज करने की सलाह दी गई है। अगले कुछ घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।