Accident News: तेज रफ्तार कार का कहर, दो युवकों की मौत, तीन अन्य घायल

post 1926 (1)

अलवर। राजस्थान के अलवर जिले के मालाखेड़ा कस्बे में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हल्दीना बाईपास पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई।

हादसे की पूरी घटना:-

मालाखेड़ा थाना अधिकारी हरदयाल सिंह यादव के अनुसार, अलवर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े अन्य लोगों में जा घुसी, जिससे तीन और लोग घायल हो गए।

अस्पताल में मौत, घायलों का इलाज जारी:-

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत मालाखेड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें अलवर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 25 वर्षीय कजोड़ पुत्र रामदयाल सैनी और संतोष पुत्र रमेश सैनी (निवासी बरखेड़ा) को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों—आरती, अशोक और एक अन्य—का इलाज जारी है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ड्राइवर फरार, वाहन जब्त:-

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेर लिया और उसमें मौजूद सवारियों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

टीकाराम जूली ने उठाए सवाल:-

घटना की सूचना मिलते ही नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मामले को लेकर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। जूली ने आरोप लगाया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बरती गई है, जिसकी जांच आवश्यक है।

सड़क सुरक्षा पर फिर सवाल:-

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।