अमेरिका-वेनेजुएला तनाव से क्या भारत में महंगा होगा ईंधन, बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?
अमेरिका-वेनेजुएला तनाव से क्या भारत में महंगा होगा ईंधन, बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?
अमेरिका और वेनेजुएला के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक बाजारों की चिंता बढ़ा दी है। इसकी सबसे बड़ी वजह वेनेजुएला के पास मौजूद दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले समय में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी जा सकती है। इसका संकेत अभी से बाजार में नजर आने लगा है।
भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है। ऐसे में यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रूड ऑयल महंगा होता है, तो उसका सीधा असर देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर पड़ सकता है। पहले से ही ईंधन के दाम रिकॉर्ड स्तर पर हैं, कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपये के पार जा चुका है और डीजल भी तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में और बढ़ोतरी आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
सीमित असर की संभावना:-
विशेषज्ञों का मानना है कि वेनेजुएला को लेकर अमेरिका के कदमों का असर कच्चे तेल की कीमतों पर फिलहाल सीमित और अल्पकालिक रह सकता है। Ya Wealth के डायरेक्टर अनुज गुप्ता के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड 62 से 65 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकता है, जबकि वर्तमान में इसका भाव करीब 60.72 डॉलर प्रति बैरल है। इससे संकेत मिलता है कि कीमतों में बहुत बड़ा उछाल आने की संभावना अभी कम है। हालांकि, यदि यह विवाद गंभीर रूप लेता है, तो हालात बदल सकते हैं।
फिलहाल इस बात पर है नजर:-
VT मार्केट्स के ग्लोबल स्ट्रैटेजी ऑपरेशंस लीड रॉस मैक्सवेल का कहना है कि इस तनाव से जियोपॉलिटिकल जोखिम बढ़ेगा और वेनेजुएला की तेल सप्लाई प्रभावित हो सकती है। फिलहाल बाजार का फोकस उत्पादन से ज्यादा इस बात पर है कि राजनीतिक नियंत्रण किसके हाथ में जाता है। तेल की कीमतें इस बात पर निर्भर करेंगी कि वहां का नेतृत्व तेल संसाधनों पर कितनी जल्दी पकड़ बनाता है। शॉर्ट टर्म में जोखिम तेल के लिए तेजी का संकेत देते हैं, जबकि लंबे समय में यदि ज्यादा तेल बाजार में आता है तो कीमतों पर दबाव बन सकता है।
सोना-चांदी पर भी असर:-
इस विवाद का असर केवल कच्चे तेल तक सीमित नहीं रह सकता। सोना और चांदी में भी अल्पकालिक तेजी देखने को मिल सकती है। अनुज गुप्ता का अनुमान है कि COMEX पर सोना 4,380 डॉलर प्रति औंस और चांदी 75 से 78 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। वहीं MCX पर सोना 1,40,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक जाने की संभावना है। फिलहाल MCX पर सोना करीब 1,38,200 रुपये और चांदी 2,46,200 रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही है।
चांदी की कीमतों में तेजी की एक अहम वजह चीन द्वारा निर्यात पर सख्ती भी मानी जा रही है। चीन ने चांदी के निर्यात के लिए लाइसेंस अनिवार्य कर दिए हैं, जिससे वैश्विक बाजार में आपूर्ति घटने और कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।