हाईवे किनारे खड़े परिवार के 5-लोगों को इनोवा ने रौंदा, 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत

हाईवे किनारे खड़े परिवार के 5-लोगों को इनोवा ने रौंदा, 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत
हरियाणा के नांगल चौधरी में रविवार सुबह अकबरपुर फ्लाईओवर के पास एक बेकाबू इनोवा कार ने सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार के पांच लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में झुंझुनूं जिले की रहने वाली दो महिलाओं की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। घटना नांगल चौधरी थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह हुई। झुंझुनूं जिले के गांव शिमला निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ दो बाइकों पर सवार होकर नांगल चौधरी के गांव नांगल कालिया में एक रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे। अकबरपुर फ्लाईओवर से कुछ दूरी पर स्थित टोल टैक्स के पास उनके चाचा दुलीचंद की बाइक का टायर पंक्चर हो गया। इस वजह से दोनों बाइकों को सड़क किनारे रोककर परिवार के सभी पांचों सदस्य वहीं खड़े थे। इसी दौरान नारनौल (हरियाणा) की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार इनोवा कार के ड्राइवर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर कुछ देर रुका, लेकिन भीड़ को देख गाड़ी मौके से फरार हो गया।