तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से 20 गायों की मौत, रेलवे ट्रैक पर बिखरे शव

post 73 (1)

तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से 20 गायों की मौत, रेलवे ट्रैक पर बिखरे शव

Rajasthan News: राजस्थान के भरतपुर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। रुदावल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से करीब 20 गायों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब गायों का एक बड़ा झुंड रेलवे ट्रैक पर खड़ा था और गुजरती ट्रेन उन्हें कुचलती हुई निकल गई।

सुबह का वक्त और बिछ गई लाशें:-

स्थानीय निवासी हेम सिंह कुशवाहा के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की है। आगरा की ओर से आ रही एक ट्रेन बयाना की दिशा में जा रही थी। नगला तुला और बंसी पहाड़पुर के बीच ‘चुरारी डांग’ क्षेत्र में अंधेरे के कारण ट्रेन चालक को ट्रैक पर खड़े गोवंश दिखाई नहीं दिए। तेज रफ्तार होने के चलते पूरी गायों का झुंड ट्रेन की चपेट में आ गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

रेलवे कर्मचारियों ने हटवाए शव:-

हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर गायों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में बिखर गए। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मृत गोवंश को ट्रैक से हटाकर यातायात सुचारु कराया। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। अधिकारियों के पहुंचने के बाद मृत गोवंश को दफनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

‘खेतों से भगाया, पटरी पर मिली मौत’:-

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि बेसहारा गोवंश फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, जिसके चलते किसान उन्हें खेतों से भगा देते हैं। इसके बाद ये पशु रेलवे ट्रैक के आसपास डेरा जमा लेते हैं, जिससे इस तरह के हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बेसहारा पशुओं को जल्द से जल्द गौशालाओं में पहुंचाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसे न हों।

रेलवे अधिकारी का बयान:-

बंध बारेठा रेलवे मास्टर फतेह सिंह ने बताया कि हादसे का स्थान उनके नियंत्रण क्षेत्र में आता है, लेकिन वे फिलहाल मौके पर नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि स्थल पर पहुंचने के बाद ही स्थिति की पूरी जानकारी मिल सकेगी। मृत और घायल गोवंश के संबंध में उन्होंने कहा कि यह संबंधित तकनीकी विभाग का विषय है।