बीकानेर: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ के साथ तस्कर गिरफ्तार

post 109 (1)

बीकानेर। बज्जू, रणजीतपुरा थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध डोडा छिलका बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने धर्मेंद्र पुत्र लिखमाराम बिश्नोई निवासी जैसला भोजासर हाल रामू फांटा रणजीतपुरा के कब्जे से 52.025 किलोग्राम डोडा छिलका जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 7 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। उस पर पंजाब के कबरवाला थाना क्षेत्र में 500 ग्राम अफीम और हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में 2.037 किलोग्राम अफीम बरामदगी के प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस आरोपी को लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा मान रही है।

कार्रवाई बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर की गई। पुलिस टीम ने आरोपी की दुकान पर दबिश देकर डोडा छिलका बरामद किया। मामले की जांच बज्जू थानाधिकारी जगदीश प्रसाद को सौंपी गई है।

पुलिस अब इस मामले में फरार बताए जा रहे मुख्य सप्लायर सुभाष पुत्र जीवणराम बिश्नोई निवासी चक 13 आरडीवाई रणजीतपुरा की तलाश में जुटी है। कार्रवाई में थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।