Work From Home Scam: घर बैठे काम का लालच देकर 8500 लोगों से करोड़ों ठगे, फर्जी कंपनी चलाने वाला इनामी आरोपी गिरफ्तार

post 990 (1)

Work From Home Scam: कोटा, घर बैठे रोजगार दिलाने का झांसा देकर हजारों लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय ठग को अनंतपुरा थाना पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कोटा में फर्जी कंपनी खोलकर करीब 8500 लोगों से दो करोड़ रुपए ठग लिए थे और बाद में दफ्तर बंद कर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी पर कोटा रेंज के आईजी की ओर से 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि अनंतपुरा थाना क्षेत्र में 15 नवंबर 2025 को कुलदीप शर्मा समेत कई लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि दीपक सिंह (असली नाम कुमार सोनू) नामक व्यक्ति ने ‘ओएसिस एंटरप्राइजेज’ नाम से कंपनी खोलकर लोगों को घर बैठे काम देने का लालच दिया था।

कंपनी की ओर से लोगों को किताबें तैयार करने का काम देने का झांसा दिया जाता था और इसके बदले 2500 रुपए सुरक्षा राशि के नाम पर जमा करवाए जाते थे। कुछ ही महीनों में आरोपी ने करीब 8500 लोगों से लगभग दो करोड़ रुपए जमा कर लिए और अचानक दफ्तर बंद कर फरार हो गया।

पहचान छिपाने के लिए बनाए फर्जी दस्तावेज:-

डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि ठगी के दौरान आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों का सहारा लिया। वह कभी अपने नाम से सिम कार्ड नहीं लेता था और लंबे समय तक अपने परिवार से भी संपर्क नहीं करता था।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जहां भी रहता था, वहां किसी अन्य व्यक्ति के दस्तावेजों पर सिम कार्ड खरीद लेता था। कोटा में भी उसने एक ऑटो चालक को दो हजार रुपए देकर उसके नाम से सिम कार्ड लिया था। जांच में यह भी सामने आया है कि राजस्थान के बीकानेर और झारखंड के रांची में भी उसके फर्जी नाम से चालान पेश हो चुके हैं।

तकनीकी जांच से खुली असली पहचान:-

सीआई रमेश कविया ने बताया कि आरोपी लंबे समय तक पुलिस से बचता रहा और लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। पुलिस ने उसके डिजिटल फुटप्रिंट और तकनीकी डाटा का विश्लेषण किया, जिसके बाद उसकी असली पहचान कुमार सानू पुत्र विजय कुमार निवासी खगड़िया (बिहार) के रूप में सामने आई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने भागलपुर के नवगछिया स्थित वैभव होटल में दबिश दी, जहां आरोपी अपनी पत्नी के साथ ठहरा हुआ था। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 1 लाख 88 हजार 500 रुपए नकद, ठगी में इस्तेमाल की गई लाल रंग की कार और कई फर्जी आधार कार्ड व ई-श्रम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कोटा ला रही है, जहां उससे ठगी की रकम और संभावित साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।