Weather Update: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का कहर, तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया; 24 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
Weather Update: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का कहर, तीसरे दिन भी घना कोहरा छाया; 24 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
Weather Update: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में बुधवार को लगातार तीसरे दिन सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने आज राज्य के 24 जिलों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
घने कोहरे और सर्द हवाओं के चलते प्रदेशभर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। रात से ही ठंडी हवाओं का असर बढ़ने से गलन महसूस की गई और लोग ठिठुरते नजर आए। बुधवार सुबह भी कई जिलों में कोहरे और बादलों की चादर छाई रही, जिससे सर्दी का असर और अधिक बढ़ गया। दृश्यता कम होने के कारण सुबह के समय सड़कों पर वाहन बेहद धीमी गति से चलते दिखाई दिए।
माउंट आबू सबसे ठंडा:-
बीते 24 घंटों में हिल स्टेशन माउंट आबू प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया। वहीं डूंगरपुर में 3 डिग्री, सिरोही में 4.1 डिग्री, पाली में 4.7 डिग्री और अन्य कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया। पिलानी में दिन का अधिकतम तापमान सबसे कम 11.5 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटों में दिन के तापमान में करीब पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
इन जिलों में जारी है अलर्ट:-
मौसम विभाग के अनुसार सवाई माधोपुर, बूंदी और कोटा में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बारां, झालावाड़, भीलवाड़ा, करौली, धौलपुर, भरतपुर, अलवर, दौसा, टोंक, जयपुर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, गंगानगर और बीकानेर में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सीकर, चूरू और झुंझुनूं में शीतलहर का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।